झाबुआ जिले में अपराधी इतने बेखौफ हो चुके हैं कि अब वे सिर्फ चोरी ही नहीं कर रहे, बल्कि पूरे मकान को जलाकर राख कर देने जैसी वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
जिले के कल्याणपुरा गांव में हुई चोरी और आगजनी की बड़ी वारदात ने लोगों को दहला दिया है। यहां के रहने वाले जीवराज चौहान का पूरा मकान तबाह कर दिया गया, जब उनका परिवार तीर्थयात्रा पर गया हुआ था। चोरों ने न केवल घर का कीमती सामान और नगदी उड़ा ली, बल्कि अंदर रखे बिस्तर, अलमारी और दस्तावेज़ों तक को जला डाला।
पीड़ित परिवार के अनुसार, घर से 1.50 लाख रुपये नगद, बच्चों के दस्तावेज़, एक चांदी का भोयरा (250 ग्राम), चांदी की पोची (100 ग्राम), सोने का मंगलसूत्र (2 तोला), टीवी, वॉशिंग मशीन और पीतल के बर्तन चोरी हो गए। चोरों ने जाते-जाते पूरे घर में आग लगा दी, जिससे घर का अंदरूनी हिस्सा और कपड़े पूरी तरह जलकर राख हो गए।
गांव के लोगों ने बताया कि इससे दो दिन पहले भी एक बाइक चोरी हो चुकी थी, लेकिन पुलिस की सुस्ती के चलते न तो कोई खुलासा हुआ और न ही गश्त मजबूत की गई। नतीजा यह हुआ कि अब चोरों ने खुलेआम पूरे मकान को निशाना बना लिया।
लोगों का कहना है कि पुलिस प्रशासन केवल औपचारिकताएं निभा रहा है। लगातार हो रही चोरी और लूटपाट रोकने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। अव्यवस्था और डर का माहौल इस कदर है कि लोग अब अपने घरों को सुरक्षित मान ही नहीं पा रहे।
ग्रामीणों ने सख्त कार्रवाई और पुलिस की जवाबदेही की मांग की है। सवाल यह है कि आखिर कब तक गांव-गांव में अपराधी इस तरह से बेखौफ घूमते रहेंगे और आमजन असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर होंगे?