झाबुआ में भीषण सड़क हादसा: रंगपुरा रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, दो की मौके पर ही दर्दनाक मौत, एक गंभीर घायल

झाबुआ। महेंद्र देवदा ✍️

 झाबुआ शहर के रंगपुरा रोड पर शनिवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। यहां दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल से एम्बुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस की मदद से गंभीर घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों व्यक्तियों के शव जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाए गए हैं।

फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं

हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। दोनों मृतकों की शिनाख्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर बनी चिंता का विषय

रंगपुरा रोड पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दो परिवारों की खुशियां उजड़ गईं, वहीं एक व्यक्ति जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।