दिनदहाड़े शासकीय आवास का ताला तोड़कर चोरी, आरोपी गिरफ्तार

दिनदहाड़े शासकीय आवास का ताला तोड़कर चोरी, आरोपी गिरफ्तार

मेघनगर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी को दबोचा, चोरी का लैपटॉप व गैस टंकी बरामद

महेंद्र देवड़ा झाबुआ ✍️

मेघनगर। शासकीय आवास का ताला तोड़कर घर में घुसकर नगदी एवं घरेलू सामान चोरी करने के मामले में मेघनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार 18 सितंबर 2026 को फरियादी सुनील पिता बसंतसिंह चौहान, उम्र 30 वर्ष, निवासी राजस्व विभाग के शासकीय आवास, मेघनगर, अपने आवास पर ताला लगाकर ड्यूटी पर गए थे। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर की अलमारी खुली हुई थी। जांच करने पर करीब 10 हजार रुपए नगद, एचपी कंपनी का पुराना लैपटॉप एवं एचपी गैस टंकी गायब मिली।

फरियादी की रिपोर्ट पर थाना मेघनगर में अपराध क्रमांक 223/2026, धारा 305(ए) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी माध्यम तथा विश्वसनीय मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम ने रवि पिता मानसिंह बसोड़, उम्र 26 वर्ष, निवासी शेरानी मोहल्ला, मेघनगर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया एचपी कंपनी का पुराना लैपटॉप एवं एचपी गैस टंकी, जिसकी कीमत करीब ₹1,000, बरामद कर जब्त की है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस टीम का महत्वपूर्ण योगदान

आरोपी की पतारसी एवं गिरफ्तारी में उनि ब्रिजेन्द्रसिंह छाबरिया, थाना प्रभारी मेघनगर, उनि संजय बघेल, सउनि सरदारसिंह राठौड़, आरक्षक 600 अमित, आरक्षक 643 राजाराम एवं आरक्षक 20 आशीष का महत्वपूर्ण योगदान रहा।