मध्यप्रदेश के नीमच जिले में आयोजित 3रे राष्ट्रीय थैलेसीमिया एवं सिकल सेल कार्यशाला का समापन रविवार को हुआ। यह दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला स्वास्थ्य और समाजसेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई, जिसमें देशभर से आए रक्तवीरों और सेवाभावी संस्थाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर के मुख्य अतिथि CRPF D.I.G डॉ. संदीप दत्त रहे। उन्होंने समाजसेवी रक्तदाताओं को “मानवता के सच्चे योद्धा” बताते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उन योद्धाओं का सम्मान किया गया जो थैलेसीमिया और सिकल सेल से पीड़ित बच्चों की 24×8 सेवा में निरंतर जुटे हुए हैं। इसी क्रम में झाबुआ जिले के पेटलावद क्षेत्र के आजाद ब्लड डोनेशन टीम पेटलावद के संचालक अनुज सिंह धानक को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
अनुज धानक द्वारा वर्षों से किए जा रहे रक्तदान और जरूरतमंद मरीजों की सेवा को देखते हुए उन्हें थैलेसीमिया एवं सिकल सेल योद्धा सम्मान से नवाजा गया।
यह उपलब्धि न केवल अनुज धानक के लिए बल्कि पूरे पेटलावद शहर के लिए गर्व का विषय बनी हुई है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने उन्हें इस सम्मान पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।