भारी बारिश के बीच गणेश विसर्जन पर कलेक्टर की अपील: हादसों से बचें, सुरक्षा बरतें

{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":[],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":false,"containsFTESticker":false}

उमेश चौहान/झाबुआ

झाबुआ। पिछले तीन-चार दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश के चलते जिले के नदी, नाले और तालाब उफान पर हैं। अनास नदी सहित अन्य जलाशयों का जलस्तर भी तेज़ी से बढ़ा हुआ है। इसी बीच गणेशोत्सव अपने अंतिम पड़ाव पर है और कल अनंत चतुर्दशी को भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाना है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए झाबुआ कलेक्टर श्रीमती नेहा मीणा ने जिलेवासियों और गणेश उत्सव समितियों से अपील की है कि वे विसर्जन के समय सुरक्षा को सर्वोपरि रखें और किसी भी परिस्थिति में नदी-नाले अथवा तालाब के भीतर उतरकर विसर्जन का प्रयास न करें। कलेक्टर ने कहा कि – “कृपया किसी भी तरह का जोखिम न लें। जरा सी लापरवाही जीवन भर का दर्द बन सकती है। परिवारजन आपकी सकुशल वापसी की प्रतीक्षा कर रहे होते हैं, अतः सावधानी बरतें और दूसरों को भी सतर्क करें।”

अनंत चतुर्दशी से पूर्व कलेक्टर ने स्वयं अनास नदी स्थित किशनपुरी विसर्जन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को सुरक्षा इंतज़ाम और बचाव दल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

कलेक्टर की इस अपील का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित रखते हुए गणेश विसर्जन जैसे पावन पर्व को शांति और श्रद्धा के साथ सम्पन्न कराना है। प्रशासन ने आमजन से एकबार फिर आग्रह किया है कि वे पारंपरिक उत्साह बनाए रखते हुए, पानी के वेग और खतरे को देखते हुए प्रशासन द्वारा बनाए गए सुरक्षित स्थानों पोखर में ही विसर्जन करें।