मदरानी के कन्या विद्यालय में पानी का संकट! बंद हैंडपंप से परेशान नन्हीं छात्राएं
हिन्दू युवा जनजाति संगठन ने उठाई आवाज, PHE विभाग से जल्द हैंडपंप दुरुस्त कराने की मांग
हितेन्द्र पंचाल मदरानी ✍️
मदरानी। ग्राम पंचायत मदरानी में रामदेव जी मंदिर के पास स्थित प्राथमिक कन्या शाला में छात्राओं के सामने पेयजल संकट खड़ा हो गया है। विद्यालय परिसर में लगा हैंडपंप लंबे समय से बंद पड़ा होने के कारण नन्हीं बालिकाओं को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
पानी के लिए मंगवानी पड़ रही केन!
विद्यालय में पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से स्थिति ऐसी बन गई है कि शिक्षकों को छात्राओं के लिए पानी की केन मंगवानी पड़ रही है। सवाल यह है कि जब विद्यालय में पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधा ही उपलब्ध नहीं है, तो बालिकाओं को राहत कैसे मिलेगी? शिक्षा के मंदिर में पढ़ने वाली बच्चियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना संबंधित विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।
हिन्दू युवा जनजाति संगठन ने उठाई आवाज
विद्यालय में व्याप्त पेयजल समस्या को देखते हुए हिन्दू युवा जनजाति संगठन ने पहल की है। संगठन की ओर से थांदला पीएचई विभाग के अधिकारी श्री अंतरसिंह मंडलोई से फोन पर चर्चा कर बंद पड़े हैंडपंप को जल्द दुरुस्त करवाने की मांग की गई। अब देखना होगा कि विभाग इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हुए समाधान की दिशा में कदम उठाता है।
आखिर कब तक पानी के लिए परेशान होंगी छात्राएं?
विद्यालय में पढ़ने वाली बालिकाओं को शिक्षा के साथ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा मिलना भी जरूरी है। ऐसे में संबंधित विभाग को मामले में तत्काल कार्रवाई कर हैंडपंप चालू करवाना चाहिए, ताकि छात्राओं और शिक्षकों को रोजाना पानी की व्यवस्था के लिए परेशान न होना पड़े।
जनहित का सवाल: जब विद्यालय में ही पानी की व्यवस्था नहीं, तो नन्हीं बालिकाओं की इस समस्या का समाधान आखिर कब होगा?