मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक का जागरूकता अभियान

धर्मेंद्र प्रजापति सारंगी

नाबार्ड व प्रधान कार्यालय इन्दौर एवं क्षेत्रीय कार्यालय झाबुआ के निर्देशानुसार मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा सारंगी के अंतर्गत ग्राम पंचायत सारंगी, मोहनपुरा, मठमठ एवं बोडायता में वित्तीय साक्षरता एवं वित्तीय समावेशन विषयक विशेष नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में बैंक के सहायक प्रबंधक श्री बाबूलाल मीणा ने ग्रामीणजनों को संबोधित करते हुए बताया कि भारत सरकार एवं भारतीय रिज़र्व बैंक के निर्देशानुसार आम जनता को औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ना ही वित्तीय समावेशन का मुख्य उद्देश्य है। इसी क्रम में नाटक कलाकारों द्वारा आकर्षक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर ग्रामीणजनों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
नाटक के माध्यम से विशेष रूप से निम्न प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी गई—
प्रधानमंत्री जन-धन योजना (PMJDY) : शून्य शेष खाता, रूपे डेबिट कार्ड एवं दुर्घटना बीमा की सुविधा।

प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) : केवल ₹436 वार्षिक प्रीमियम पर ₹2 लाख का जीवन बीमा कवरेज।

प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) : ₹20 वार्षिक प्रीमियम पर ₹2 लाख तक की दुर्घटना बीमा सुविधा।

अटल पेंशन योजना (APY) : असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए 60 वर्ष की आयु के बाद ₹1,000 से ₹5,000 तक मासिक पेंशन।

Re-KYC (आर-केवाईसी) : बैंक खाते को सक्रिय एवं सुचारु बनाए रखने हेतु समय-समय पर केवाईसी अद्यतन करना आवश्यक है। ग्रामीणों को बताया गया कि यदि उनका केवाईसी लंबित है तो वे निकटतम शाखा/बैंक मित्र के माध्यम से तत्काल आर-केवाईसी कराएं, जिससे उनकी सभी बैंकिंग सेवाएँ निर्बाध जारी रहें।
सहायक प्रबंधक श्री मीणा ने कहा कि प्रधान कार्यालय एवं क्षेत्रीय कार्यालय के मार्गदर्शन में शाखा स्तर पर ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचे। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे स्वयं एवं अपने परिवार को इन योजनाओं से जोड़कर सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करें और समय पर Re-KYC करवाकर खाता संचालन में किसी भी प्रकार की बाधा से बचें।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और नाटक प्रस्तुति के माध्यम से योजनाओं की जानकारी को सरल ढंग से समझा। उपस्थित ग्रामीणों ने बैंक द्वारा किए गए इस प्रयास की सराहना की गई।