झाबुआ जिले के मेघनगर औद्योगिक क्षेत्र में चल रही केमिकल फैक्ट्रियां अब आसपास की ज़िंदगी के लिए खतरा बन चुकी हैं। फैक्ट्रियों से निकलने वाला जहरीला केमिकल नालों, बोरिंग और कुओं में मिलकर ज़हर के रूप में पाया गया है। इसका सीधा असर इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षियों और फसलों पर भी हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सांस लेना दूभर हो गया है, खेत चौपट हो गए हैं और पशु पक्षी मर रहे हैं।
इस गंभीर हालात के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी झाबुआ ने बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। “जीवन बचाओ महाआंदोलन” नाम से यह प्रदर्शन 24 सितंबर को मेघनगर के टूटीमाता औद्योगिक क्षेत्र में होगा। इस आंदोलन में कांग्रेस के दिग्गज नेता शामिल होंगे। म.प्र. कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, अ.भा. कांग्रेस सचिव एवं प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, झाबुआ विधायक विक्रांत भूरिया, थांदला विधायक वीरसिंह भूरिया, जिला प्रभारी हिरालाल अलावा, सह प्रभारी गिरीश जायसवाल और सुनील आर्य साथ ही ज़िला पंचायत अध्यक्ष सोनल भाबर, पूर्व विधायक, पंचायत प्रतिनिधि और महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई तथा सेवादल के सैकड़ों कार्यकर्ता भी सहभागी होंगे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शुरू होगा और कांग्रेस ने जनता से बड़ी संख्या में इसमें शामिल होने की अपील की है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह लड़ाई हर उस इंसान, किसान और परिवार की है जिसका जीवन इन फैक्ट्रियों ने खतरे में डाल दिया है।