थांदला-मेघनगर में कानून व्यवस्था सख्त करने को प्रशासन-पुलिस की संयुक्त रणनीति

अक्षय चौहान। झाबुआ

थांदला। अनुभागीय अधिकारी राजस्व थांदला भास्कर गाचले की अध्यक्षता में पुलिस, प्रशासन और वन विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। बैठक में थांदला एवं मेघनगर क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, अपराधों पर नियंत्रण तथा क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में एसडीओपी राजेश सुल्या, एसडीएम मेघनगर सुश्री अवन्धती प्रधान, एसडीओ फॉरेस्ट दिनेश गोर, रेंजर तोलाराम हटीला, थाना प्रभारी थांदला अशोक कनेश, थाना प्रभारी काकनवानी तारा मंडलोई, नायब तहसीलदार राजेश जमरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने क्षेत्र में पूर्व में हुई घटनाओं और अपराधों की समीक्षा करते हुए उनके कारणों का विश्लेषण किया तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी उपायों पर विचार-विमर्श किया। बैठक में सामाजिक समरसता, सामुदायिक सहभागिता और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।

भास्कर गाचले ने कहा कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा, शांति और विश्वास बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसके लिए सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करना होगा।

बैठक में संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, सूचना तंत्र को और सक्रिय करने, विभागीय समन्वय मजबूत करने तथा संभावित विवादों का प्रारंभिक स्तर पर ही समाधान सुनिश्चित करने पर सहमति बनी। अधिकारियों ने अपराध रोकथाम और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने का निर्णय भी लिया।

बैठक के अंत में कानून व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने तथा आवश्यकता पड़ने पर संयुक्त अभियान संचालित करने का निर्णय लिया गया।

थांदला में आयोजित पुलिस, प्रशासन एवं वन विभाग की संयुक्त रणनीति बैठक में कानून व्यवस्था संबंधी विषयों पर चर्चा करते अनुभागीय अधिकारी राजस्व भास्कर गाचले एवं अन्य अधिकारी।