खेड़ा गांव में आज शुक्रवार सुबह झाड़ियों से मिले युवक और युवती के शव की अब पहचान हो चुकी है। युवक का नाम अनकेश पिता शांतु पणदा, निवासी गांव खेड़ा और युवती का नाम तोला गामोड़, निवासी गांव काकड़कुआ है। दोनों के शव मिलने के बाद से ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है। पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है और अब अलग-अलग एंगल से मामले की पड़ताल में जुट गई है।
घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस को मौके से फांसी का फंदा भी बरामद हुआ है, जिससे घटना के आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल पर जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग की संभावना सामने आई है, लेकिन पुलिस पारिवारिक रंजिश, सामाजिक दबाव या किसी प्रकार की साजिश के भी एंगल से तहकीकात कर रही है। समस्त साक्ष्य फोरेंसिक टीम के हवाले कर दिए गए हैं, ताकि वैज्ञानिक विश्लेषण के जरिए सच सामने आ सके।
एसडीओपी सुश्री अनुरक्ति साबनानी सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और हर दृष्टिकोण से छानबीन की। दोनों मृतकों के मोबाईल कॉल डिटेल, सोशल मीडिया गतिविधियाँ और पिछले दिनों की लोकेशन का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने युवक-युवती के परिजनों से भी गहराई से पूछताछ शुरू कर दी है, जिससे दोनों के संबंध, पारिवारिक स्थिति, पिछली घटनाओं और अन्य संदिग्ध पहलुओं की जानकारी ली जा रही है।
फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और पीएम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस द्वारा हर बिंदु पर गंभीरता से जाँच की जा रही है, ताकि सच्चाई जल्द सामने आ सके। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है, ग्रामीणों की नजरें अब पुलिस व फोरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी हैं।