जल गंगा संवर्धन अभियान 25 लाख सीडबॉल बिखेरने का कार्य स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा सम्पादित किया गया

झाबुआ डेस्क ललित चौहान 

झाबुआ । जल गंगा सवर्धन अभियान अंतर्गत कलेक्टर नेहा मीना के निर्देशानुसार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में म.प्र.डे आजीविका मिशन की दीदीयों द्वारा 25 लाख सीडबॉल तैयार किये जाकर जनपद पंचायत पेटलावद, मेघनगर, झाबुआ, थांदला, रामा व राणापुर में सीईओ जनपद पंचायत द्वारा वन विभाग व राजस्व भूमि पर छायादार एवं औषधी पौधो के बीज के कुल 25 लाख सीडबॉल बिखरने का कार्य स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा सम्पादित किया गया है।
गत वर्ष भी जल गंगा संवर्धन अभियान 2024 में सीडबॉल बिखरने का कार्य चिन्हित पहाडियों पर किया था जिसकी उत्तरजीविता 23.8% रही थी। इस सफलता की सराहना कैबिनेट मंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग एवं श्रम विभाग श्री प्रहलाद सिंह पटेल द्वारा झाबुआ प्रवास के दौरान की गई। इसी को दृष्टि गत रखते हुए इस वर्ष भी ड्रोन एवं स्वयं सहायता समूह की दीदियों के माध्यम से सीडबॉल्स का वृहद स्तर पर छिड़काव किया गया।
सीडबॉल्स छिड़काव से स्वयं सहायता समूह की दीदियों को अतिरिक्त रोजगार एवं आय प्राप्त हुई है। सीडबॉल रोपण के कई फायदे हैं, जिनमें पौधों की विविधता में वृद्धि, मिट्टी के स्वास्थ्य में सुधार और पर्यावरण संरक्षण शामिल हैं। सीडबॉल बीजों को मिट्टी, खाद और पानी से बनी एक गेंद में लपेटकर बनाया जाता है। यह बीजों को पक्षियों और कृन्तकों से बचाता है और अंकुरण के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करता है। सीडबॉल में इस्तेमाल की जाने वाली मिट्टी एक बाइंडर के रूप में कार्य करती है जो बीजों को एक साथ रखने और उन्हें शिकारियों और खराब मौसम की स्थिति से बचाने में मदद करती है। इसके अतिरिक्त, मिट्टी प्रत्येक बीज के चारों ओर एक सुरक्षात्मक प्राकृतिक आवरण बनाती है, जो अंकुरण को बढ़ावा देती है, जो उच्च सफलता दर सुनिश्चित करती है।