“झाबुआ में मौत की बसें – छत पर सवारी, कानून नदारद!”

कार्तिक हटीला@झाबुआ

सुबह 5:30 बजे का समय, जगह – झाबुआ बस स्टैंड।
बारिश से भीगी सड़कें और उस पर बेलगाम दौड़ती ओवरलोड बसें। तस्वीरें साफ़ गवाही देती हैं कि बसों के अंदर ही नहीं, बल्कि छत तक यात्रियों को ठूंस दिया गया। यह नज़ारा केवल लापरवाही नहीं, बल्कि यात्रियों की जान के साथ खुला खिलवाड़ है।

प्रशासन की तीसरी आंख बंद!

कहां हैं वो सीसीटीवी कैमरे, कहां हैं यातायात व्यवस्था और कहां है प्रशासन की तीसरी नज़र?
क्या पुलिस और आरटीओ केवल कागज़ों पर कार्रवाई दिखाने के लिए हैं?
झाबुआ में कानून का डर अब बस मज़ाक बनकर रह गया है।

बड़ा हादसा तय?

बरसात के मौसम में ओवरलोड बसें किसी भी पल बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती हैं। सवाल ये है – क्या प्रशासन किसी मौत के सबूत का इंतज़ार कर रहा है?
या फिर यह मिलीभगत का खेल है, जिसमें यात्रियों की जान से ज्यादा किराया वसूलना अहम है?

जनता का गुस्सा

स्थानीय लोगों का कहना है कि रोज़ाना झाबुआ बस स्टैंड से इस तरह की बसें बेख़ौफ़ निकलती हैं। शिकायतें होती हैं, लेकिन कार्यवाही सिर्फ़ फाइलों में दबी रह जाती है।
लोग पूछ रहे हैं – “क्या झाबुआ में कानून सिर्फ गरीबों को दबाने के लिए है, और बड़े बस संचालकों पर कोई शिकंजा नहीं?”