झाबुआ-मेघनगर रोड पर भीषण हादसा:

झाबुआ-मेघनगर रोड पर भीषण हादसा:

नशे में धुत बोलेरो चालक ने 6 बाइकों को रौंदा, मची अफरा-तफरी, कई घायल

झाबुआ/ महेंद्र देवदा

झाबुआ-मेघनगर रोड स्थित मेघनगर नाके पर सोमवार को एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ आज़ाद अस्पताल के ठीक सामने एक रफ़्तार का कहर देखने को मिला, जहाँ शराब के नशे में धुत एक बोलेरो गाड़ी के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए एक के बाद एक, कुल छह मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी।
इस भीषण टक्कर में सभी बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।

*अस्पताल के सामने ही पसरा खून, गाड़ियों के उड़े परखच्चे*

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बोलेरो गाड़ी की रफ्तार काफी तेज थी और चालक पूरी तरह अपने नियंत्रण खो चुका था। आज़ाद अस्पताल के सामने जैसे ही बाइक सवार गुजरे, बोलेरो उन्हें रौंदती चली गई। टक्कर लगते ही कई बाइक सवार हवा में उछलकर दूर जा गिरे। दुर्घटना के बाद सड़क पर क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलें बिखर गईं और हर तरफ खून ही खून पसर गया।

*स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा*

घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने सक्रियता दिखाई। चूंकि हादसा आज़ाद अस्पताल के बिल्कुल सामने हुआ था, इसलिए घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिलाने और एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजने के प्रयास शुरू किए गए।

*पुलिस को दी गई सूचना*

घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने, यातायात बहाल करने और आरोपी बोलेरो चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने में जुट गई है।