अक्षय चौहान/ललित चौहान
थांदला क्षेत्र के ग्राम कलदेला में गुरुवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में कृषि कार्य कर रहे एक किसान और उसके दो बैलों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थांदला भिजवाया गया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे ग्राम कलदेला निवासी कलजी पिता मडिया मईडा (58 वर्ष) अपने खेत में दो बैलों के साथ कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के बीच आकाशीय बिजली सीधे उन पर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से किसान और दोनों बैलों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को थांदला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।





