महाअष्टमी पर पंचाल समाज की मातृशक्ति ने निकाली भव्य चुनरी यात्रा
51 मीटर लंबी चुनरी मां चामुंडा को की अर्पित, सैकड़ों महिलाओं ने लिया भाग
लक्की राठौड़ झाबुआ ✍️
थांदला। महाअष्टमी के पावन अवसर पर रविवार को पंचाल समाज की मातृशक्ति ने दीपमालिका स्थित कालिका माता मंदिर से भव्य चुनरी यात्रा निकाली। यात्रा में समाज की सैकड़ों महिलाएं शामिल हुईं। श्रद्धा और भक्ति के साथ निकाली गई इस यात्रा में महिलाओं ने 51 मीटर लंबी चुनरी समाज की कुलदेवी मां चामुंडा को अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
यात्रा में शामिल महिलाएं एक समान परिधान में नजर आईं। नवरात्रि के पावन पर्व पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में महिलाओं का उत्साह देखते ही बना। मातृशक्ति ने महाअष्टमी पर विशाल चुनरी यात्रा निकालने का संकल्प लिया था, जिसे रविवार को सामूहिक सहभागिता के साथ पूरा किया गया।
आठ माह से जारी है अष्टमी पर धार्मिक अनुष्ठान
पंचाल समाज की महिलाओं ने प्रत्येक माह की अष्टमी पर किसी देवी स्थान पर पहुंचकर पूजन सामग्री अर्पित करने, पूजा-अर्चना करने और व्रत रखने का संकल्प लिया है। इसी संकल्प के तहत पिछले आठ माह से लगातार धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। इस बार महाअष्टमी के विशेष अवसर पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से चुनरी यात्रा निकालकर कुलदेवी मां चामुंडा के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा और आस्था प्रकट की।
समाजजनों ने दिया सहयोग, जनप्रतिनिधि भी रहीं उपस्थित
चुनरी यात्रा में नगर परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुनील पांडा उपस्थित रहीं। श्रीमती माया पंचाल के नेतृत्व में समाज की सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन को सफल बनाने में पंचाल समाज के जिलाध्यक्ष जगदीश पंचाल, परमानंद पंचाल, मुकेश पंचाल, संजय पंचाल, मयूर पंचाल, दुर्गेश पंचाल, संदीप पंचाल, अलकेश पंचाल सहित समाज के युवाओं ने सहयोग प्रदान किया।
महाअष्टमी पर निकाली गई इस चुनरी यात्रा में पंचाल समाज की महिलाओं की सामूहिक सहभागिता और धार्मिक आस्था देखने को मिली। प्रतिमाह अष्टमी पर किए जा रहे धार्मिक आयोजनों की कड़ी में यह आयोजन समाज की एकजुटता और मां चामुंडा के प्रति श्रद्धा का प्रतीक बना।