दीपावली पर झाबुआ में पुलिस का सुरक्षा चक्र, बाजारों में सादे कपड़ों में भी तैनात रहेंगे जवान..
त्योहार पर जाम और हुड़दंगियों की खैर नहीं, झाबुआ में 6 से 9 नवंबर तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू
बाजार में अतिक्रमण किया तो होगी कार्रवाई, दीपावली को लेकर पुलिस-प्रशासन सख्त
महेंद्र देवड़ा झाबुआ ✍️
झाबुआ। दीपावली पर्व पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए झाबुआ पुलिस एवं प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। त्योहार के दौरान शहर में जाम की स्थिति निर्मित न हो तथा आमजन को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन मिल सके, इसके लिए पुलिस कंट्रोल रूम में व्यापारी वर्ग के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम श्री महेश मंडलोई एवं एसडीओपी श्रीमती मोनिका सिंह ने व्यापारियों को यातायात एडवाइजरी की जानकारी देते हुए व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
बैठक में बाजारों में बढ़ती भीड़, वाहनों की आवाजाही, व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश, अतिक्रमण और पार्किंग व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। पुलिस-प्रशासन ने स्पष्ट किया कि 6 नवंबर से 9 नवंबर 2026 तक शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।
इन मार्गों पर रहेगा वाहनों का प्रतिबंध
जारी एडवाइजरी के अनुसार मरीमाता मंदिर से राजवाड़ा तथा खोडियार माता मंदिर तिराहे से राजवाड़ा तक व्यावसायिक वाहनों का आवागमन सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। वहीं इमली चौक से मनोकामना तिराहा तथा छत्री चौक से राजवाड़ा तक तीन एवं चार पहिया वाहनों की आवाजाही भी इसी समयावधि में प्रतिबंधित रहेगी।
इसके अलावा झाबुआ शहर में भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। विशेष एवं आकस्मिक परिस्थितियों में ही नियमानुसार आवागमन की अनुमति दी जाएगी।
अतिक्रमण और पार्किंग पर रहेगी नजर
यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए छत्री चौक पर वाहनों की पार्किंग की निर्धारित व्यवस्था की गई है। आमजन एवं व्यापारियों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की गई है। मुख्य मार्गों, चौराहों और संकरी सड़कों पर वाहन खड़े करने से बचने के निर्देश दिए गए हैं।
व्यापारियों को दुकानों के बाहर सड़क एवं फुटपाथ पर सामान, काउंटर अथवा अन्य सामग्री रखकर अतिक्रमण नहीं करने तथा माल की लोडिंग-अनलोडिंग निर्धारित समय में ही करवाने की हिदायत दी गई।
बाजार में संयुक्त टीम करेगी निगरानी
बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस एवं नगरपालिका की संयुक्त टीम लगातार भ्रमण करेगी। टीम अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात में बाधा बनने वाली गतिविधियों पर नजर रखेगी। वहीं एसडीएम श्री मंडलोई ने नगरपालिका अधिकारियों को प्रमुख मार्गों, बाजारों एवं पार्किंग स्थलों पर साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दुकानों के बाहर CCTV लगाने की अपील
एसडीओपी श्रीमती मोनिका सिंह ने व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों के बाहर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगवाने एवं उन्हें चालू स्थिति में रखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे अपराधों की रोकथाम और किसी अप्रिय घटना की स्थिति में महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने में सहायक होते हैं।
सादे कपड़ों में पुलिस रखेगी संदिग्धों पर नजर
दीपावली के दौरान बाजारों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे वस्त्रों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। त्योहार की आड़ में हुड़दंग, अभद्र व्यवहार, अनावश्यक विवाद अथवा शांति भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अवैध पटाखा भंडारण पर भी रहेगी नजर
पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों से अवैध पटाखा भंडारण, बिना अनुमति आतिशबाजी सामग्री के संग्रहण एवं विक्रय की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। साथ ही पटाखों के सुरक्षित एवं नियमानुसार भंडारण और विक्रय को लेकर आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।
वाहन चालकों से नियमों के पालन की अपील
बाहर से आने वाले नागरिकों से निर्धारित यातायात व्यवस्था की जानकारी लेकर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई। वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा और यातायात संकेतों का पालन करने तथा आपातकालीन वाहनों को रास्ता देने के निर्देश दिए गए।
पुलिस एवं प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दीपावली पर्व पर आमजन की सुरक्षा, सुविधा और शहर की शांति व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। जारी एडवाइजरी का उल्लंघन करने, अतिक्रमण करने तथा यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक रोहित निकम, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राजेंद्र भदौरिया, नगरपालिका अधिकारी मिलन पटेल सहित सकल व्यापारी संघ के पदाधिकारी एवं व्यापारीगण उपस्थित रहे।