प्रवेश उत्सव में विद्यार्थियों का तिलक लगाकर किया स्वागत

मेघनगर । शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नौगावा में प्रवेश उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया,जिसमें नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया तथा नए शैक्षणिक सत्र के लिए पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया कार्यक्रम में एसडीएम सुश्री अवनधती प्रधान, ग्राम पंचायत सरपंच रुपसिंग सिंगर एवं बीआरसी महेश सोलंकी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित विद्यार्थियों एवं अतिथियों को माननीय मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय प्रवेश उत्सव का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इसके पश्चात संस्था प्राचार्य मनीष पालीवाल ने स्वागत उद्बोधन देते हुए विद्यालय में संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं छात्र हितग्राही योजनाओं की जानकारी प्रदान की। सरपंच एवं बीआरसी द्वारा विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया गया। एसडीएम सुश्री प्रधान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन से ही बड़े लक्ष्य निर्धारित कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करें तथा आत्मनिर्भर बनकर परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान दें।कार्यक्रम के लिए विद्यालय को विशेष रूप से सजाया गया था। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन खेमराज जायसवाल ने किया तथा आभार प्रदर्शन मंगल सिंह पणदा द्वारा किया गया।