मदरानी में पोषण मेले का आयोजन

मेघनगर/मदरानी। एकीकृत बाल विकास परियोजना मेघनगर के अंतर्गत सेक्टर मदरानी में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण माह अभियान के तहत शुक्रवार को पोषण मेले का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा मदरानी मंडल अध्यक्ष सोमेश भूरिया उपस्थित रहे। उन्होंने पोषण वाटिका का निरीक्षण किया एवं वहां तैयार किए गए व्यंजनों का स्वाद चखते हुए उनकी सराहना की।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष भूरिया ने कहा कि “कुपोषण मुक्त झाबुआ” को लेकर विभाग लगातार प्रयासरत है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बहनें घर-घर जाकर बच्चों और माताओं की सतत मॉनिटरिंग करती हैं, ताकि हमारा जिला कुपोषण से मुक्त हो सके। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं महिला बाल विकास मंत्री निर्मला दीदी द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों को आधुनिक व हाईटेक बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसका लाभ 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों की उचित देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा के रूप में मिल रहा है। साथ ही गर्भवती एवं धात्री माताओं की नियमित मॉनिटरिंग भी कार्यकर्ताओं द्वारा की जाती है।

परियोजना अधिकारी राखी बारिया ने कार्यक्रम में महिलाओं को पोषण का महत्व समझाते हुए विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मोटा अनाज, हरी सब्जियां, मूंगफली और मौसमी फलों का नियमित सेवन बच्चों में कुपोषण दूर करने में सहायक है। साथ ही स्थानीय स्तर पर उपलब्ध दालों और अनाज के उपयोग पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों के लिए आई कुर्सियों का वितरण मुख्य अतिथि के हाथों कराया गया।

इस अवसर पर पूर्व सरपंच पति पांगला चारेल, सेक्टर सुपरवाइजर अर्चना सांकते एवं बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।