उमेश चौहान/झाबुआ
कल्याणपुरा नगर में दिनदहाड़े हुई एक बड़ी चोरी की वारदात ने व्यापारियों और आम नागरिकों को चिंता में डाल दिया है। कल्याणपुरा के एक ज्वेलर्स प्रतिष्ठान पर पहुंचे शातिर बदमाशों ने ऐसी सफाई से हाथ साफ किया कि दुकान संचालक को इसकी भनक तक नहीं लगी। कुछ ही मिनटों में बदमाश करीब चार लाख रुपये मूल्य की ज्वेलरी लेकर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल्याणपुरा निवासी प्रवीण पांचाल अपनी ज्वेलरी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान कुछ लोग ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे और विभिन्न आभूषण देखने की इच्छा जताई। व्यापारी उन्हें एक-एक कर ज्वेलरी दिखाने लगा। इसी बीच आरोपियों ने बड़ी चालाकी और सुनियोजित तरीके से व्यापारी का ध्यान भटकाया। बताया जा रहा है कि जैसे ही व्यापारी की नजर कुछ क्षणों के लिए दूसरी ओर हुई, बदमाशों ने कीमती ज्वेलरी पर हाथ साफ कर दिया।
वारदात इतनी सफाई से अंजाम दी गई कि शुरुआत में किसी को चोरी का आभास तक नहीं हुआ। जब सामान का मिलान किया गया तो ज्वेलरी गायब मिली। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं। फुटेज में देखा जा सकता है कि किस प्रकार आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से व्यापारी को उलझाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया।





