सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें अधिकारी : एसडीएम भास्कर गाचले शिकायतकर्ता से सीधे संपर्क कर समस्याओं का समाधान करें, तथ्यात्मक एवं स्पष्ट प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश

अक्षय चौहान। खवासा

थांदला। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) थांदला श्री भास्कर गाचले ने आज विकासखंड स्तरीय समस्त विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। समीक्षा के दौरान शिकायतों के निराकरण की गुणवत्ता, शिकायतकर्ताओं से किए गए संपर्क तथा पोर्टल पर दर्ज किए गए जवाबों का बारीकी से परीक्षण किया गया।

बैठक में एसडीएम श्री गाचले ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि अनेक मामलों में शिकायतकर्ता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत और पोर्टल पर दर्ज किए गए निराकरण में स्पष्ट अंतर पाया गया है। शिकायत का विषय कुछ और है, जबकि उसका जवाब किसी अन्य विषय से संबंधित दर्ज किया गया है, जो कि गंभीर लापरवाही की श्रेणी में आता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निराकरण उसी विषय के अनुरूप, तथ्यात्मक, स्पष्ट एवं संतोषजनक रूप से दर्ज किया जाए।

उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि शासन और आमजन के बीच संवाद एवं समस्या समाधान का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित करें।

समीक्षा के दौरान यह भी पाया गया कि कई अधिकारियों द्वारा शिकायतकर्ता से संपर्क किए बिना ही निराकरण दर्ज किया जा रहा है। इस पर एसडीएम श्री गाचले ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक एल-1 अधिकारी का यह प्रथम दायित्व है कि शिकायत प्राप्त होते ही शिकायतकर्ता से दूरभाष अथवा व्यक्तिगत रूप से संपर्क स्थापित करे, उसकी समस्या को विस्तार से समझे तथा यथासंभव उसका समाधान अपने स्तर पर सुनिश्चित करे। शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित करने पर अनेक समस्याओं का समाधान प्रारंभिक स्तर पर ही संभव हो जाता है तथा शिकायतकर्ता में प्रशासन के प्रति विश्वास भी बढ़ता है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन शिकायतों का समाधान विभागीय स्तर पर संभव है, उनका तत्काल निराकरण कर पोर्टल पर विस्तृत एवं तथ्यात्मक जानकारी दर्ज की जाए। वहीं जिन मामलों में मांग या समस्या जिला अथवा शासन स्तर से संबंधित है, उनमें समस्त तथ्यों, नियमों एवं परिस्थितियों का स्पष्ट उल्लेख करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को विस्तृत प्रतिवेदन भेजा जाए, जिससे उच्च स्तर पर आवश्यक निर्णय लेकर शिकायत का निराकरण किया जा सके।

बैठक में फोर्स क्लोज किए जाने योग्य शिकायतों की भी समीक्षा की गई। एसडीएम श्री गाचले ने निर्देश दिए कि जिन शिकायतों में विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्यवाही पूर्ण हो चुकी है और उपलब्ध प्रावधानों के अंतर्गत उससे अधिक कार्रवाई संभव नहीं है, उन प्रकरणों में की गई समस्त कार्यवाही का विस्तृत विवरण अंकित करते हुए स्पष्ट अभिमत के साथ तत्काल एल-3 एवं एल-4 स्तर पर फोर्स क्लोज हेतु प्रस्ताव भेजे जाएं।

बैठक के अंत में एसडीएम श्री भास्कर गाचले ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत शासन की प्राथमिकता है और उसका निराकरण पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ किया जाना चाहिए। शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण से न केवल आमजन को राहत मिलेगी, बल्कि प्रशासन की कार्यप्रणाली के प्रति जनता का विश्वास भी बड़ेगा।