जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. भरसट ने सुनी नागरिकों की समस्याएं

जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. भरसट ने सुनी नागरिकों की समस्याएं

47 आवेदन प्राप्त, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश

लक्की राठौड़ झाबुआ ✍️

झाबुआ, 22 सितम्बर 2026। जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 47 आवेदन प्राप्त हुए।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने प्रत्येक आवेदन का वास्तविक स्थिति के आधार पर परीक्षण करने तथा पात्रतानुसार गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का केवल औपचारिक निराकरण न हो, बल्कि प्रत्येक प्रकरण को संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ देखा जाए।

धमोई की पहाड़ी भूमि से लेकर सड़क निर्माण तक उठे मुद्दे

ग्राम पंचायत धमोई के ग्रामीणों ने धमोई छोटी एवं धमोई बड़ी के बीच स्थित पहाड़ी भूमि को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। ग्रामीणों ने बताया कि इस भूमि का उपयोग लंबे समय से पशुओं के चराने के लिए किया जाता रहा है। भूमि आवंटन पर आपत्ति जताते हुए ग्रामीणों ने इसे अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की। कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

वहीं, ग्राम जूनापानी के महुड़ाखो फलिया, मचार फलिया एवं सूली फलिया के ग्रामीणों ने करीब 7 किलोमीटर लंबे कच्चे मार्ग की समस्या रखी। ग्रामीणों के अनुसार लगभग डेढ़ किलोमीटर हिस्से में बड़े-बड़े गड्ढों के कारण स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और एम्बुलेंस सहित वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है। कलेक्टर ने संबंधित विभाग को प्रकरण का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

सड़क, जमीन और पट्टे से जुड़े मामलों पर भी हुई सुनवाई

ग्राम खेड़ा के ग्रामीणों ने मेलिया से मोजाल होते हुए मुण्डत मंदिर तक करीब 6 किलोमीटर मार्ग की समस्या बताते हुए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण की मांग की। ग्रामीणों ने बारिश के दौरान कीचड़ के कारण होने वाली परेशानी से अवगत कराया।

ग्राम गोमलीसात एवं मोरझरी के आवेदक ने शासकीय भूमि के पट्टे से संबंधित विवाद को लेकर आवेदन दिया। वहीं ग्राम रल्यावन निवासी ने पट्टे की भूमि पर कब्जे के प्रयास एवं विवाद की शिकायत की। दोनों मामलों में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को दस्तावेजों एवं तथ्यों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

साहूकार के पास रखे जेवरात का मामला भी पहुंचा जनसुनवाई में

ग्राम दुधी, तहसील रामा निवासी आवेदक ने साहूकार के पास रखे चांदी के जेवरात वापस नहीं मिलने की शिकायत की। आवेदक के अनुसार संबंधित साहूकार की मृत्यु के बाद उसके पुत्र द्वारा जेवरात वापस नहीं किए जा रहे हैं। कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को मामले की जांच कर नियमानुसार निराकरण के निर्देश दिए।

कलेक्टर बोले—संवेदनशीलता के साथ करें शिकायतों का निराकरण

कलेक्टर डॉ. भरसट ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ अनावश्यक विलंब के बिना मिले तथा आवेदकों को उनके प्रकरण में की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई नागरिकों की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए अधिकारी प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदारीपूर्वक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।