रक्षा सखी टीम का जन-जागरूकता अभियान – शिक्षा, सुरक्षा और संवेदनशीलता की दिशा में सार्थक पहल।

झाबुआ जिले में पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में चलाए जा रहे “रक्षा सखी कार्यक्रम” के तहत आज ग्राम ढेकल बड़ी में एक महत्वपूर्ण जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में सुरक्षा, शिक्षा, साइबर सतर्कता और यातायात नियमों को लेकर लोगों को जागरूक करना रहा।
रक्षा सखी टीम ने बच्चों को समझाया कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी ताकत है, और उन्हें प्रेरित किया कि किसी भी हालात में पढ़ाई न छोड़ें और कम से कम 12वीं तक जरूर पढ़ें। अभिभावकों से भी आग्रह किया गया कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें और उन्हें नदी-नालों और कुओं जैसे खतरनाक स्थानों से दूर रखें।
ग्रामीणजन को 100 डायल आपातकालीन सेवा, सड़क सुरक्षा नियम, और साइबर ठगी से बचाव जैसे जरूरी विषयों पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान कुछ ग्रामीणों ने हेलमेट पहनने की शपथ लेकर सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी जागरूकता दिखाई।
झाबुआ पुलिस का यह अभियान आने वाले समय में जिले के अन्य गांवों में भी इसी प्रकार जारी रहेगा।