खवासा। महिला बाल विकास विभाग द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज खवासा आंगनवाड़ी केन्द्र पर आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं सहित स्थानीय समुदाय ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान महिलाओं को एनीमिया से बचाव, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और बच्चों के उचित पोषण के बारे में जागरूक किया गया।
बच्चों के लिए मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियाँ आयोजित की गई। इस अवसर पर पोषण प्रदर्शनी, पोषण मटका, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण और हितग्राही संवाद जैसे कार्यक्रम भी हुए। विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
ये थे उपस्थित।
कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती गंगा खराड़ी, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती माया देवी प्रेमसिंह चौधरी, पर्यवेक्षक श्रीमती सावित्री परमार, श्रीमती मीरा मालवीय सहित समस्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समुदाय को आंगनवाड़ी सेवाओं से जोड़ना और सेवा पखवाड़े के संदेश को हर परिवार तक पहुंचाना रहा।