लोकतंत्र की रक्षा और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी झाबुआ ने सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर न केवल धरना दिया, बल्कि पैदल मार्च निकालकर उनके पुतले का दहन भी किया।
निष्पक्षता और पारदर्शिता की मांग पर अड़ी कांग्रेस
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने दो टूक कहा कि लोकतंत्र में जनता के वोट की पवित्रता सर्वोपरि है। चुनावी प्रक्रिया से जुड़े हर सवाल का स्पष्ट और पारदर्शी जवाब मिलना ही चाहिए। कांग्रेस की मुख्य मांग है कि चुनाव प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बरती जाए ताकि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा हो सके।
कड़ा विरोध और पुतला दहन
धरने के बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकाला। इस दौरान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।
प्रमुख नेताओं की अगुवाई में एकजुट हुई कांग्रेस
इस बड़े विरोध प्रदर्शन में थान्दला विधायक वीरसिंह भूरिया, शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रांका, पूर्व विधायक वालसिंह मेड़ा और युवा कांग्रेस अध्यक्ष नटवर डोडियार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं ने एक सुर में लोकतांत्रिक व्यवस्था के भीतर जनता के मत की सर्वोच्च भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक चुनाव प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही तय नहीं होती, तब तक कांग्रेस का यह संघर्ष लगातार जारी रहेगा।