कलेक्टर ने कल्याणपुरा एवं खेड़ा के जन-कल्याण शिविरों का किया निरीक्षण

ललित चौहान झाबुआ 

झाबुआ कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने सोमवार को जनपद पंचायत झाबुआ के क्लस्टर कल्याणपुरा तथा जनपद पंचायत रामा के क्लस्टर खेड़ा में आयोजित जन-कल्याण शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

क्लस्टर कल्याणपुरा में निरीक्षण के दौरान ग्रामवासी मुन्ना निनामा ने कलेक्टर को बताया कि उनके द्वारा खेत तालाब का निर्माण कराया गया था, किंतु अब तक भुगतान प्राप्त नहीं हुआ है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित सचिव के विरुद्ध जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

शिविर में उपस्थित ग्रामीणों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि सभी अभिभावक अपने बच्चों का आधार कार्ड एवं अपार आईडी (APAAR ID) अनिवार्य रूप से बनवाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि यदि किसी विद्यालय में शिक्षक नियमित रूप से अनुपस्थित रहते हैं तो उसकी फोटो सहित सूचना प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

कलेक्टर ने कहा कि शासन की प्राथमिकता बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, महिलाओं एवं किसानों से जुड़ी समस्याओं का प्रभावी समाधान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में शिक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी तथा विद्यार्थियों की सभी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने बच्चों की नियमित शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसानों से उर्वरक उपलब्धता की स्थिति पर भी चर्चा की। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिले में उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है तथा आवश्यकता अनुसार सभी किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके पश्चात कलेक्टर ने जनपद पंचायत रामा के क्लस्टर खेड़ा में आयोजित जन-कल्याण शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में आए ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की। कलेक्टर ने विशेष रूप से राजस्व विभाग से संबंधित खसरा-नकल आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली और आवेदनों की संख्या अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों से अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त कर उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
शिविर के दौरान कलेक्टर ने ग्राम में सहकारी समिति (सोसायटी) की स्थिति की भी जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम खेड़ा की सोसायटी नेटवर्क संबंधी समस्याओं के कारण कल्याणपुरा स्थानांतरित कर दी गई है, जिससे ग्रामीणों को असुविधा हो रही है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधिगण, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री अक्षय सिंह मरकाम, उप संचालक कृषि विभाग श्री एन.एस. रावत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।