
कुंजन मालवीया/जीवन पाटीदार/परिवेश पटेल/रायपुरिया/बनी
झाबुआ जिले के पेटलावद तहसील के ग्राम बनी में फसल बीमा न मिलने से नाराज़ किसानों का आंदोलन लगातार तूल पकड़ रहा है। सुबह सैकड़ों किसान राजगढ़-पेटलावद मार्ग पर उतर आए और सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी समस्याएँ सरकार तक पहुँचाने की कोशिश की। आंदोलन का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन संघ कर रहा है। आंदोलन में जिलाध्यक्ष महेंद्र हामड, जिला महामंत्री जितेन्द्र पाटीदार सहित तहसील के नेता और भारी संख्या में क्षेत्र के किसान शामिल है।
स्थिति को संभालने मौके पर पहुँचीं बीमा कंपनी के अधिकारी, जनपद अध्यक्ष रमेश सोलंकी, तहसीलदार जिन्होंने किसानों से बातचीत की। लेकिन किसानों और प्रशासन के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली। किसानों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक बीमा राशि का भुगतान नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। जिम्मेदारों को जवाब देते नहीं बन रहा है। किसान अपनी मांगों पर अड़े हुए है।
अब यह आंदोलन और भी अहम इसलिए हो गया है क्योंकि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दो दिन बाद पेटलावद में लाडली बहना कार्यक्रम में भाग लेने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री के दौरे से पहले किसानों का यह विरोध प्रदर्शन प्रशासन और सरकार के लिए बड़ी चुनौती बनकर उभर रहा है।
अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या सरकार किसानों को मनाने की कोशिश करेगी या फिर आंदोलन मुख्यमंत्री के दौरे पर छाया डाल सकता है।



