झाबुआ में किसान आंदोलन समाप्त, चक्काजाम हटा, पर चेतावनी जारी!

जीवन पाटीदार/परिवेश पटेल@ बनी

झाबुआ जिले के पेटलावद तहसील के ग्राम बनी में फसल बीमा न मिलने के खिलाफ जारी किसान आंदोलन और चक्काजाम अब समाप्त हो गया है। किसानों ने प्रशासन को तहसीलदार के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए अपनी मांगें प्रस्तुत कीं और सड़क मार्ग को मुक्त करा दिया है।

भारतीय किसान यूनियन संघ के किसानों ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे फिर से और भी उग्र आंदोलन करने के लिए पूरी तरह से तैयार रहेंगे। उन्होंने प्रशासन को कड़ा अल्टीमेटम दिया है कि उनकी फसलों के नुकसान का मुआवजा एवं फसल बीमा राशियों का तुरंत भुगतान किया जाए।

इससे पहले पेटलावद-राजगढ़-रतलाम सड़क को बंद कर दिया गया था जिससे इलाके के परिवहन और जनजीवन में भारी बाधा आई थी। अब ज्ञापन सौंपने के बाद आंदोलन शांत हुआ लेकिन किसानों का नेतृत्व कर रहे भारतीय किसान यूनियन के किसान नेता यह भी कह रहे हैं कि उनकी लड़ाई खत्म नहीं हुई है, बस फिलहाल समाधान का इंतजार है। प्रशासन ने किसानों से संवाद शुरू किया है, परंतु किसानों का गुस्सा कम होने का नाम नहीं ले रहा। आगामी समय में यदि सवालों का समाधान नहीं निकला तो वृहद स्तर पर बड़ा आंदोलन होने की संभावना भी जताई जा रही है।

बीमा कंपनी से बात हुई, 12 सितंबर को होगा किसानों का सीएम से संवाद: 

झाबुआ जिले के पेटलावद तहसील में किसानों के भारी प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फसल बीमा कंपनियों से चर्चा की है। एसडीएम तनुश्री मीणा ने बताया कि बीमा कंपनी से बातचीत हो चुकी है और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास जारी हैं। 12 सितंबर को किसानों के एक प्रतिनिधि मंडल को मुख्यमंत्री मोहन यादव जी से बातचीत कराने की योजना बना रहे है। इस बैठक में किसानों की मांगों को सीधे सीएम तक पहुंचाया जाएगा, जिससे फसल बीमा राशि का भुगतान शीघ्र हो सके।