झाबुआ पुलिस को मिली नई ताकत, एसपी रघुवंश सिंह ने 10 अत्याधुनिक डायल-112 वाहन किए रवाना…

सलमान शेख/झाबुआ
जिले की कानून-व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में बुधवार को झाबुआ पुलिस को बड़ी सौगात मिली। पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री रघुवंश सिंह ने जिला मुख्यालय से एक साथ 10 नवीनतम डायल-112 एफआरवी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न थाना और चौकियों के लिए रवाना किया। ये वाहन पुलिस मुख्यालय द्वारा विशेष रूप से झाबुआ जिले को आवंटित किए गए हैं।

रवानगी कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया, एसडीओपी झाबुआ श्रीमती रूपरेखा यादव, डीएसपी कमलेश शर्मा, डीएसपी गिरीश कुमार जेजुरकर, रक्षित निरीक्षक अखिलेश राय, पत्रकार बंधु और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

नवीन एफआरवी वाहन अत्याधुनिक तकनीक और उपकरणों से सुसज्जित हैं। अब किसी भी आपात स्थिति में केवल 112 नंबर डायल करने पर पुलिस सहायता, एम्बुलेंस सेवा और अग्निशमन सेवा – तीनों सुविधाएं एक ही स्थान से तुरंत उपलब्ध हो सकेंगी।

वाहनों में लगे जीपीएस सिस्टम और लाइव कैमरा घटनास्थल की वास्तविक समय पर निगरानी सुनिश्चित करेंगे। वहीं बॉडी वार्न कैमरा और डैश कैमरा ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों की कार्यवाही में पारदर्शिता और जवाबदेही लाएंगे। आपातकालीन स्थिति में तुरंत राहत देने के लिए वाहनों में फर्स्ट एड किट, स्ट्रेचर और अग्निशमन यंत्र भी उपलब्ध कराए गए हैं।

एसपी रघुवंश सिंह ने बताया कि इन नए वाहनों की तैनाती से जिले में आपातकालीन प्रतिक्रिया और भी तेज़ होगी। नागरिकों को हर परिस्थिति में सुरक्षित और भरोसेमंद सहायता मिलेगी तथा पुलिस पर जनविश्वास और मजबूत होगा।