दो घंटे तक तड़पता रहा मरीज, नहीं पहुंची 108 एंबुलेंस! आखिर किस काम की आपातकालीन सेवा?

दो घंटे तक तड़पता रहा मरीज, नहीं पहुंची 108 एंबुलेंस! आखिर किस काम की आपातकालीन सेवा?

मजबूरी में ट्रैक्टर से अस्पताल ले जाना पड़ा मरीज, पेटलावद के अलस्याखेड़ी गांव का मामला; राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में दर्ज हुई शिकायत

लक्की राठौड़ | झाबुआ ✍️

पेटलावद। सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था के दावों की जमीनी हकीकत एक बार फिर सवालों के घेरे में है। आपातकाल में मरीजों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए शुरू की गई 108 एंबुलेंस सेवा यदि दो घंटे तक मौके पर नहीं पहुंचे, तो फिर ग्रामीण आखिर किसके भरोसे रहें? पेटलावद जनपद के ग्राम अलस्याखेड़ी से सामने आया मामला स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

शिकायतकर्ता लुणचंद जी के अनुसार, मरीज की तबीयत बिगड़ने पर 108 एंबुलेंस के मोबाइल नंबर 7748080518 पर संपर्क किया गया। लेकिन आरोप है कि करीब दो घंटे इंतजार के बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची। हालात ऐसे बने कि परिजनों को मरीज को ट्रैक्टर से अस्पताल ले जाना पड़ा। सवाल यह है कि जिस सेवा का उद्देश्य आपातकाल में जीवन बचाना है, उसकी अनुपलब्धता मरीजों के लिए मुसीबत क्यों बन रही है?

शिकायत दर्ज, अब जवाबदेही किसकी?

मामले को लेकर 9 नवंबर 2026 को लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत क्रमांक 41513252 है। फिलहाल पोर्टल पर शिकायत की स्थिति WIP यानी कार्यवाही प्रक्रियाधीन दिखाई दे रही है।

कागजों पर सेवा, जरूरत के वक्त नदारद?

ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। ऐसे में यदि फोन करने के बावजूद एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंचती, तो यह केवल लापरवाही का मामला नहीं, बल्कि मरीज की जान से जुड़ा गंभीर सवाल है।

अब स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी बताएं—दो घंटे तक एंबुलेंस क्यों नहीं पहुंची? किसकी जिम्मेदारी तय होगी? और क्या भविष्य में किसी मरीज को एंबुलेंस के अभाव में ट्रैक्टर से अस्पताल ले जाने की नौबत नहीं आएगी?

शिकायत दर्ज होने के बाद अब निगाहें विभागीय कार्रवाई और जिम्मेदारों के जवाब पर टिकी हैं।