नदी में मिला युवक का शव, ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला
कल्याणपुरा के होनहार युवा तनिष्क शर्मा (चीनू) के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर..
लक्की राठौड़ झाबुआ ✍️
कल्याणपुरा। रविवार सुबह नदी में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नदी में शव दिखाई देने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर शव को नदी से बाहर निकाला।
मृतक की पहचान कल्याणपुरा निवासी राकेश शर्मा के पुत्र एवं शर्मा परिवार के होनहार युवा तनिष्क शर्मा (चीनू) के रूप में हुई है। तनिष्क के निधन की खबर जैसे ही परिजनों, रिश्तेदारों और परिचितों तक पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। युवा तनिष्क के आकस्मिक निधन से हर कोई स्तब्ध नजर आया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
तनिष्क के निधन से कल्याणपुरा क्षेत्र में गमगीन माहौल है। परिजनों और परिचितों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिवार को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति दें।