झाबुआ-अलीराजपुर।मध्यप्रदेश बिजली विभाग में कार्यरत समस्त आउटसोर्स कर्मचारी अब नियमित नियुक्ति की मांग को लेकर मुखर हो गए हैं। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश बाह्य स्त्रोत विद्युत कर्मचारी संगठन, जो भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध है, के आव्हान पर सोमवार, 15 सितंबर 2025 को प्रदेश व्यापी ज्ञापन ऊर्जा मंत्री के नाम सौंपा गया।
झाबुआ और अलीराजपुर जिले में भी सैकड़ों कर्मचारियों ने एकजुट होकर ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि—
ऊर्जा विभाग में हाल ही में स्वीकृत 49,263 पदों पर नवीन भर्ती से पहले विभागीय परीक्षा आयोजित कर आउटसोर्स कर्मचारियों का समायोजन किया जाए। साथ ही शेष बचे पदों पर ही नई भर्ती की जाए।
संगठन पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि प्रदेशभर में बिजली विभाग में 45,000 से अधिक आउटसोर्स कर्मचारी वर्षों से कार्यरत हैं, जो पूरी तरह अनुभवी और दक्ष हैं। ऐसे में अगर सीधे नई भर्ती की गई तो हजारों परिवारों पर रोजगार संकट खड़ा हो जाएगा।
पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार ने यदि इस मांग को गंभीरता से नहीं लिया तो आउटसोर्स कर्मचारी आंदोलन की राह पकड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि अनुभवी कर्मचारियों का समायोजन होने से उपभोक्ताओं को भी बेहतर और तेज सेवा मिल सकेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिले के सैकड़ों आउटसोर्स कर्मचारी मौजूद रहे और अपनी ताक़त का प्रदर्शन किया।