मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह सम्मेलन में 154 जोड़ों का धूमधाम से विवाह..

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह सम्मेलन में 154 जोड़ों का धूमधाम से विवाह..

मंत्री निर्मला भूरिया की मौजूदगी में 154 जोड़े बंधे सात फेरे में

रायपुरिया में सामूहिक विवाह का ऐतिहासिक आयोजन, 154 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

राधेश्याम पाटीदार रायपुरिया

रायपुरिया में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें 154 जोड़ों का विवाह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया शामिल हुईं। उन्होंने मंच से नवविवाहित जोड़ों पर पुष्प वर्षा कर उन्हें आशीर्वाद दिया और उनके सुखी, समृद्ध एवं उज्ज्वल वैवाहिक जीवन की कामना की। मंत्री भूरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना समाज के सभी वर्गों के लिए एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिलती है और बेटियों के सम्मान को भी बढ़ावा मिलता है। यह योजना सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ ही समाज में सकारात्मक संदेश देने का काम कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। दूल्हा-दुल्हन पारंपरिक वेशभूषा में बेहद आकर्षक दिखाई दिए। मंच से अतिथियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।

इस अवसर पर नेहा मीना, एसडीएम तनुश्री मीना, जनपद पंचायत अध्यक्ष रमेश सोलंकी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष हेमंत भट्ट, मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण मालीवाड़, संजय कहार, जितेंद्र राठौर और पप्पू गामड़ सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और सामूहिक विवाह सम्मेलन का हिस्सा बने।

सामूहिक विवाह सम्मेलन के सफल आयोजन से क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल रहा। एक साथ 154 जोड़ों के परिणय सूत्र में बंधने से रायपुरिया सहित पूरे क्षेत्र में यह आयोजन चर्चा का विषय बना रहा।