रम्भापुर – झाबुआ जिले के मेघनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम रम्भापुर जैसे छोटे से ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय पहचान बनाने वाले युवा, कर्मठ एवं जुझारू पत्रकार भुपेन्द्र बरमण्डलिया को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में उत्कृष्ट पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित किया गया।
यह गरिमामय सम्मान समारोह खोजी पत्रिका यूनियन एवं टीएनपी न्यूज़ चैनल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद भवन के सभागृह में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश शासन में कैबिनेट दर्जा प्राप्त मंत्री श्री बाबूलाल बंजारा उपस्थित रहे। साथ ही प्रदेश के कई वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित पत्रकारों की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई।
इस अवसर पर भुपेन्द्र बरमण्डलिया को उनकी निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनहितकारी पत्रकारिता के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने अपनी सशक्त लेखनी के माध्यम से सदैव आमजन से जुड़े मुद्दों, ग्रामीण समस्याओं और सामाजिक सरोकारों को प्रमुखता से उठाया है। वे पत्रकारिता के माध्यम से जनता की आवाज़ को शासन-प्रशासन तक पहुँचाने में एक सशक्त सेतु की भूमिका निभा रहे हैं तथा समय-समय पर जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उजागर करते रहे हैं।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर झाबुआ जिले के पत्रकार साथियों, सामाजिक संगठनों एवं ग्राम रम्भापुर के ग्रामीणों में हर्ष और गर्व का माहौल है। सभी ने भुपेन्द्र बरमण्डलिया को इस सम्मान के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आशा व्यक्त की कि वे आगे भी इसी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ पत्रकारिता करते हुए अपने गांव, जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करते रहेंगे।