अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के तत्वाधान में 17 सितंबर 2025, बुधवार को देशभर में मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव “रक्तदान अमृत महोत्सव 2.0” का आयोजन किया गया। इस अभियान के अंतर्गत पूरे भारतवर्ष में लगभग 7500 शिविर लगाए गए। इसी श्रृंखला में मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के ग्राम सारंगी में तेरापंथ भवन, सारंगी में भी रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में ग्राम सारंगी के सभी समाजों के लोग उत्साहपूर्वक शामिल हुए। 18 वर्ष से लेकर 55 वर्ष तक की आयु वर्ग के पुरुषों और महिलाओं ने रक्तदान करके समाज सेवा की मिसाल कायम की। गांव के युवक-युवतियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और कुल 80 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ।
रक्तदान शिविर के साथ-साथ युवाओं ने नशा मुक्ति का संकल्प भी ग्रहण किया। आयोजन की सफलता पर नगरवासियों ने तेरापंथ युवक परिषद सारंगी की सराहना करते हुए शिविर को मानवीय सेवा का श्रेष्ठ उदाहरण बताया।
रक्तदान शिविर को सफल बनाने में अध्यक्ष गौरव बम्बोरी, मंत्री शुभम बम्बोरी, संस्कार बम्बोरी, धर्मेश बम्बोरी, दीपक बम्बोरी, प्रीतेश बम्बोरी, संयम बम्बोरी और दर्शन बम्बोरी का विशेष योगदान रहा। इसके अलावा तेरापंथ सभा, तेरापंथ महिला मंडल और तेरापंथ कन्या मंडल ने भी सक्रिय सहयोग दिया।
वरिष्ठजनों का मिला आशीर्वाद
ग्राम के वरिष्ठजनों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं कि भविष्य में भी समाज सेवा के इसी भाव से कार्य होते रहें ताकि मानवता की सेवा आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से हर वर्ग के लोगों को समाज सेवा से जुड़ने और मिलकर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। आयोजन के अंत में युवक परिषद अध्यक्ष और मंत्री ने प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी समाजबंधुओं का आभार जताया।