थांदला/हितेंद्र पांचाल
सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने और क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले दो आरोपियों को काकनवानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, बीड़ धाम माताजी मंदिर के पुजारी के खिलाफ इंस्टाग्राम पर अश्लील, अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। इस मामले में फरियादी सुनील निनामा की शिकायत पर थाना काकनवानी में अपराध क्रमांक 146/2026 दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर सतीश पिता सोमला सिंगाड़िया एवं अर्जुन पिता कन्नु सिंगाड़, दोनों निवासी ग्राम काकोड, को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 एवं 298 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
SP की दो टूक चेतावनी
झाबुआ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर किसी भी धर्म, धार्मिक स्थल या धार्मिक व्यक्तियों के विरुद्ध भड़काऊ, अभद्र या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने आमजन से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी और संयम के साथ उपयोग करने तथा शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।





