“हमारा विद्यालय – हमारा स्वाभिमान” संकल्प अभियान
“संस्कार और स्वाभिमान से सजेगा हर विद्यालय”
विनय पंचाल पिटोल
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, मध्यप्रदेश शिक्षक संघ जिला झाबुआ द्वारा जिले के सभी विद्यालयों में “हमारा विद्यालय – हमारा स्वाभिमान” अभियान के अंतर्गत संकल्प पत्रों का वितरण किया गया। इस अवसर पर प्रत्येक विद्यालय में विभिन्न क्षेत्रों के ख्यात एवं वरिष्ठ नागरिकों को आमंत्रित कर विद्यार्थियों और शिक्षकों को शपथ दिलाई गई।
इसी क्रम में आज शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय पिटोल में भाजपा के वरिष्ठ नेता व समाजसेवी महेंद्र सिंह ठाकुर तथा शासकीय कन्या प्राथमिक विद्यालय में वरिष्ठ नागरिक मांगीलाल पंचाल ने तथा प्रेमाशिष विद्यालय पिटोल में भी उपस्थित विद्यार्थियों और शिक्षकों को संकल्प दिलाया।
संकल्प पत्र के प्रमुख बिंदु इस प्रकार रहे –
हम मिलकर अपने विद्यालय को स्वच्छ, अनुशासित, हरित एवं प्रेरणादायक बनाए रखेंगे।
हम विद्यालय की सम्पदा, संसाधन और समय को राष्ट्रधन मानकर उनका संरक्षण एवं विवेकपूर्ण उपयोग करेंगे।
विद्यालय में ऐसा वातावरण बनाएँगे जहाँ कोई भेदभाव नहीं होगा और सभी समभाव से सीखने-सिखाने के पथ पर अग्रसर रहेंगे।
शिक्षा को केवल ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र-निर्माण, आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और समाज-सेवा का साधन मानेंगे।
विद्यालय को केवल एक संस्था नहीं, बल्कि संस्कार, सेवा और समर्पण का तीर्थ मानते हुए उसका गौरव बढ़ाने हेतु सतत प्रयत्नशील रहेंगे।
विद्यालय में उपस्थित शिक्षको ने बताया की इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य यह संदेश देना है कि आज जब शिक्षा को अक्सर केवल अंकों और डिग्रियों से आँका जाता है, तब झाबुआ शिक्षक संघ की यह पहल यह स्मरण कराती है कि शिक्षा का असली मकसद चरित्र निर्माण, समानता, सहभावना, देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी है।
यदि हर बच्चा इस भावना के साथ बड़ा होगा कि उसका विद्यालय उसका “तीर्थ” और “गौरव” है, तो भविष्य में वह न केवल अपने परिवार का, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र का सम्मान बढ़ाएगा। यही संकल्प आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
झाबुआ से शुरू हुआ यह अभियान केवल कागज़ी संकल्प नहीं, बल्कि सामूहिक चेतना का उदय है। शिक्षक और विद्यार्थी मिलकर जब अपने विद्यालय की पवित्रता, अनुशासन और गौरव की रक्षा का वचन देंगे, तो निश्चित ही यह आंदोलन शिक्षा को फिर से “संस्कार और स्वाभिमान” का पर्याय बना देगा।




