मोहनपुरा में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौके पर मौत
ट्रैक्टर पलटा, जिंदगी थम गई… चालक की मौके पर दर्दनाक मौत
धर्मेन्द्र प्रजापत सारंगी ✍️
सारंगी क्षेत्र के मोहनपुरा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, मडू पिता देवचंद मुनिया, निवासी शामली, थाना रायपुरिया, सोमवार को ट्रैक्टर लेकर मोहनपुरा गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर के पलटते ही चालक उसके नीचे दब गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और चालक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। ग्रामीणों ने तुरंत सारंगी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
प्राथमिक तौर पर हादसे का कारण ट्रैक्टर का अनियंत्रित होकर पलटना बताया जा रहा है। हालांकि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच सारंगी पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।