आदित्य वास्केल की मौत से गुस्साए ग्रामीण, मंत्री निर्मला भूरिया के पैतृक गांव में चक्काजाम..

झाबुआ एक्सप्रेस

बैतूल-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज शुक्रवार सुबह बड़ी हलचल देखी गई, जब ग्रामीणों ने ट्रैक्टर खड़े कर सड़क पर चक्काजाम कर दिया। जानकारी के मुताबिक, यह विरोध उस हादसे के बाद भड़का है, जिसमें परसों प्रधानमंत्री की सभा में जा रही बस ने आदित्य वास्केल नामक युवक को टक्कर मार दी थी और उसकी मौके पर मौत हो गई थी।

कहां हो रहा विरोध

यह घटनाक्रम थाना कालीदेवी क्षेत्र के ग्राम माछलिया में सामने आया है। खास बात यह है कि ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया के पैतृक निवास के सामने ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरना शुरू कर दिया। आक्रोशित ग्रामीण जमीन पर बैठकर और ट्रैक्टरों को खड़ा कर सड़क को पूरी तरह जाम किए हुए हैं।

मांगें अब तक स्पष्ट नहीं

सूत्र बताते हैं कि मृतक के परिजनों और ग्रामीणों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक मांग सामने नहीं आई है। हालांकि, इस घटना के बाद से लोगों में गहरी नाराजगी है और प्रशासन से न्याय की उम्मीद जताई जा रही है। खबर लिखे जाने तक पुलिस  प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच चुका था, जिससे स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। हाईवे पर लंबे जाम की स्थिति बन गई है और यात्री कई देर से फंसे हुए हैं।

गौरतलब है कि हादसा उस समय हुआ था जब प्रधानमंत्री की सभा के लिए बड़ी संख्या में बसों से कार्यकर्ता जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने आदित्य वास्केल को कुचल दिया। इस घटना ने पूरे इलाके के लोगों में आक्रोश फैला दिया और अब ग्रामीण न्याय की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए हैं।