झाबुआ में JSG संगिनी प्राइड द्वारा नवरात्रि पर भव्य गरबा, 250 से अधिक महिलाएं हुईं शामिल

झाबुआ। नवरात्रि पर्व के अवसर पर JSG संगिनी प्राइड झाबुआ द्वारा सोमवार देर शाम अंबा पैलेस गार्डन में भव्य गरबा रास का रंगारंग आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में अंबा पैलेस की संचालिका श्रीमती भारती राठौर, JSG इंदौर रीजन जोन कोऑर्डिनेटर सुनीता बाबेल तथा JSG इंदौर रीजन कल्चरल हेड श्रुति सकलेचा उपस्थित रहीं।

मां शक्ति की आराधना के इस आयोजन की शुरुआत नवदुर्गा की भव्य आरती और दीप प्रज्वलन से की गई। संगिनी ग्रुप द्वारा बनाए गए आकर्षक एंट्री पैसेज से गुजरकर 250 से अधिक महिलाओं और बालिकाओं ने भाग लिया और गरबा महोत्सव का आनंद उठाया। रंग-बिरंगी लाइट डेकोरेशन, गरबा गीतों की धुन और खास सेल्फी कॉर्नर ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

गरबा रास के दौरान 12 लकी ड्रा आयोजित किए गए। साथ ही विभिन्न कैटेगरी में विजेता घोषित किए गए। इनमें “गरबा रॉकस्टार” एकता सोनी, “चनिया-चोली क्वीन” मेघा बांगड़, “एनर्जी बम” नंदिनी सोनी, “क्वीन ऑफ एलीगेंस” सलोनी जैन और “गरबा नाइट ग्लैमस्टार” सलोनी कोठारी बनीं। विशेष अतिथियों द्वारा इन्हें आकर्षक गिफ्ट हैम्पर्स प्रदान किए गए।

इस आयोजन को सफल बनाने में ग्रुप की संस्थापक अध्यक्ष श्रुति सकलेचा, अध्यक्ष हंसा कोठारी, सचिव खुशी रांका, उपाध्यक्ष नैना मेहता, कोषाध्यक्ष सुहानी बाबेल तथा कार्यकारिणी सदस्य मोनिका कोठारी, सोनम जैन और शीतल कटकानी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन भी सुहानी बाबेल ने कुशलतापूर्वक किया।

नवरात्रि पर्व को ध्यान में रखते हुए आयोजित फरियाली स्वल्पाहार का सभी उपस्थित महिलाओं ने आनंद लिया। उपस्थित महिलाओं ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि झाबुआ में इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन समाज को एकजुट करते हैं और त्योहार का आनंद कई गुना बढ़ा देते हैं।