महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं जागरूकता को समर्पित स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कल्याणपुरा में एक दिवसीय विशाल विशेषज्ञ चिकित्सक शिविर का आयोजन भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस शिविर का शुभारम्भ ग्राम पंचायत कल्याणपुरा के सरपंच द्वारा परंपरागत लाल फीता काटकर किया गया। स्वागत समारोह में सीबीएमओ डॉ. के. एस. कटारा एवं उनकी टीम ने सभी अतिथियों का पुष्पमालाओं से अभिनंदन किया। इस शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, एमडी मेडिसिन, जनरल सर्जन, हड्डी रोग विशेषज्ञ, नेत्र विशेषज्ञ एवं फिजियोथैरेपिस्ट सहित कई वरिष्ठ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवेश से आई महिलाओं ने स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श और उपचार का लाभ उठाया।
शिविर का प्रमुख उद्देश्य नारी स्वास्थ्य को सुरक्षित रखकर परिवार और समाज को सशक्त बनाना था। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किशोरियों व महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता, पौष्टिक आहार, मातृ-शिशु देखभाल, असामान्य बीमारियों की पहचान और समय पर इलाज की जानकारी दी।
विशेष रूप से इस अवसर पर जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. बी. एस. बघेल ने कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित रहकर निरीक्षण किया और रोगियों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि—“नारी सशक्त होगी तो परिवार स्वतः ही स्वस्थ और सशक्त बनेगा।” उन्होंने ग्रामीण जनता से नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने और जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। शिविर में भाग लेने पहुंचे बीपीएम अभिलाष भूरिया, बीसीएम कमलेश अमलियार, बीईई बाबू सिंह मौर्य सहित समस्त डॉक्टर, लेब टेक्नीशियन, नर्सिंग स्टाफ, एक्स-रे इकाई, टीबी यूनिट, डेटा एंट्री ऑपरेटर, सेक्टर सुपरवाइजर, आशा सुपरवाइजर, आशा कार्यकर्ता एवं सफाईकर्मी ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। इस विशाल आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं और किशोरियों ने भाग लेकर चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया। उपस्थित ग्रामीणों ने इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों की निरंतर आवश्यकता पर जोर देते हुए प्रशासनिक टीम का आभार व्यक्त किया।