थाना राणापुर क्षेत्र के अंतर्गत झाबुआ नाका मुस्लिम कॉलोनी में बीती रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना 28-29 सितंबर की मध्यरात्रि की बताई जा रही है। मकान मालिक यासीन पिता मोहम्मद मकरानी निवासी मुस्लिम कॉलोनी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह अपने परिवार सहित घर से बाहर कार्यक्रम में गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। घर लौटने पर पता चला कि चोरों ने पूरे घर में सामान बिखेर दिया और करीब 7 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात, 2 लाख रुपए नगद व आवश्यक दस्तावेज चोरी कर लिए। आवेदन में उल्लेख है कि चोरों ने घर की अलमारियां तोड़कर उसमें रखे जेवर और नकदी भी निकाल ली।
यासीन मकरानी के मुताबिक, चोरी की इस वारदात से परिवार गहरे सदमे में है। कॉलोनीवासियों में भी दहशत का माहौल है क्योंकि उसी रात चोरों ने कॉलोनी के अन्य दो मकानों के ताले भी तोड़े। इन मकानों के मालिक बाहर होने से चोरी गए सामान की जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। पीड़ित ने पुलिस से तत्काल मामला दर्ज कर चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।